राष्ट्रपति तक पहुंचा राजनीतिक विवाद, AAP से अलग हुए सातों सांसद करेंगे मुलाकात, CM मान भी पहुंचेंगे!

राष्ट्रपति तक पहुंचा राजनीतिक विवाद, AAP से अलग हुए सातों सांसद करेंगे मुलाकात, CM मान भी पहुंचेंगे
आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद से माहौल गरमा गया है. दोनों ओर से राजनीतिक बयानबाजी तेज है तो अब अलग हुए सांसद 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए पहुंचेंगे.
पंजाब की सियासत अब सड़कों और सदन से निकलकर सीधे राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गई है. आम आदमी पार्टी से अलग हुए सात सांसद 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. इस दौरान यह सांसद पंजाब सरकार के खिलाफ बदले की भावना के तहत कार्रवाई करने की शिकायत करेंगे. दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी राष्ट्रपति ने मुलाकात का समय दिया है.
आम आदमी पार्टी और इसके बागी नेताओं के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है और अब दोनों कैंपों ने इस सियासी जंग को 5 मई को राष्ट्रपति भवन में आगे बढ़ाने का फैसला किया है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और उनके साथ छह अन्य सांसदों को 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सुबह 10:40 बजे मिलने का समय दिया गया है. यह सभी सातों सांसद आम आदमी पार्टी को छोड़कर के भाजपा में शामिल हो गए थे. सूत्रों के अनुसार, यह सांसद पंजाब सरकार द्वारा कथित रूप से राज्य मशीनरी के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करेंगे और राजनीतिक बदले की भावना से उन्हें लक्ष्य बनाए जाने का आरोप लगाएंगे.
ये भी पढ़ें: ‘खरोंच भी नहीं आनी चाहिए’, हरभजन सिंह की याचिका पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को दिया सख्त आदेश
सीएम भगवंत मान दोपहर 12 बजे करेंगे मुलाकात
इससे पहले, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस विषय पर राष्ट्रपति से मिलने की इच्छा जताई थी. पंजाब CM अपने 89 विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मिलना चाहते थे, लेकिन केवल मुख्यमंत्री को ही उस दिन दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति से मिलने की अनुमति दी गई है.



