अंतरराष्ट्रीय

पेड़ से गिरे आम उठाने पर 3 लाख से ज्यादा का जुर्माना! सिंगापुर का अजीब कानून चर्चा में!

पेड़ से गिरे आम उठाने पर 3 लाख से ज्यादा का जुर्माना! सिंगापुर का अजीब कानून चर्चा में

क्या किसी पेड़ से गिरा एक फल उठाना इतना भारी पड़ सकता है कि उस पर लाखों रुपये का जुर्माना लग जाए? सिंगापुर में ऐसा ही एक सख्त कानून इन दिनों चर्चा में है, जहां सड़क पर गिरे आम को उठाना भी भारी पड़ सकता है.

सिंगापुर अपने सख्त कानूनों और अनुशासन के लिए दुनिया भर में जाना जाता है, लेकिन हाल ही में वहां का एक कानून सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. वायरल वीडियो में एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने बताया कि सिंगापुर में सड़क पर गिरे आम को उठाना भी भारी पड़ सकता है. दावा किया गया कि ऐसा करने पर 5,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 3.74 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है.

आम देखकर खुद को रोकना पड़ा

इंस्टाग्राम पर प्रियंका सिन्हा नाम की कंटेंट क्रिएटर ने यह वीडियो शेयर किया. वीडियो में एक पेड़ पर पके हुए आम नजर आते हैं, जबकि कई आम नीचे सड़क किनारे गिरे दिखाई देते हैं. वीडियो में प्रियंका कहती हैं कि आम देखने में भले ही कितने स्वादिष्ट लगें, लेकिन उन्हें उठाना कानूनन गलत हो सकता है.

प्रियंका ने बताया कि सिंगापुर में सरकारी जमीन पर लगे पेड़ों के फल भी सरकार की संपत्ति माने जाते हैं. ऐसे में पेड़ से फल तोड़ना ही नहीं, बल्कि जमीन पर गिरे फल को उठाना भी बिना अनुमति अपराध की श्रेणी में आ सकता है.

क्या कहता है सिंगापुर का कानून?

सिंगापुर के मिनिस्ट्री ऑफ नेशनल डेवलपमेंट के अनुसार, राज्य की जमीन पर लगे पेड़ और उनके फल सरकार के अधिकार में आते हैं. वहां की संस्था NParks इन पेड़ों की देखरेख करती है. अगर कोई व्यक्ति ऐसे पेड़ों से फल तोड़ना या जमीन पर गिरे फल उठाना चाहता है, तो उसे पहले अनुमति लेनी होती है.

कानून के मुताबिक, बिना अनुमति किसी सार्वजनिक पार्क में फल तोड़ने या उठाने पर 5,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. वहीं अगर यह काम नेचर रिजर्व या नेशनल पार्क में किया जाए, तो जुर्माना 50,000 डॉलर तक पहुंच सकता है. कुछ मामलों में जेल की सजा भी हो सकती है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. एक यूजर ने पूछा कि अगर पालतू जानवर फल उठा लें तो क्या होगा? इस पर प्रियंका ने मजाक में जवाब दिया कि “पालतू आपका है, इसलिए जुर्माना भी आपको ही भरना पड़ेगा.” वहीं कई लोगों ने सवाल उठाया कि अगर फल जमीन पर गिर चुके हैं, तो उन्हें बेकार क्यों जाने दिया जाए.

सिंगापुर के ये सख्त कानून

सिंगापुर पहले भी अपने अनोखे और सख्त कानूनों को लेकर चर्चा में रहा है. वहां च्यूइंग गम बेचने और आयात करने पर रोक है. सार्वजनिक जगहों पर कचरा फैलाने, थूकने या पब्लिक टॉयलेट फ्लश न करने पर भी भारी जुर्माना लगाया जा सकता है. यहां तक कि बस और मेट्रो में खाना-पीना भी नियमों के खिलाफ माना जाता है.

यही वजह है कि लोग सिंगापुर को मजाक में ‘फाइन सिटी; भी कहते हैं, जहां छोटी सी गलती भी जेब पर भारी पड़ सकती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button