अमीर प्रदूषण फैलाते हैं… गरीब मार झेलते हैं’, दिल्ली की जहरीली हवा पर CJI सूर्यकांत की टिप्पणी

न्याय मित्र अपराजिता सिंह ने कहा कि अदालत के आदेश के बावजूद स्कूलों ने खेल गतिविधियां आयोजित करने के रास्ते निकाल लिए हैं. इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि अदालत समस्या से पूरी तरह अवगत है और केवल ऐसे आदेश पारित किए जाएंगे, जो प्रभावी हों और जिनका अनुपालन कराया जा सके.
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि वह दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ते वायु प्रदूषण के स्तर से संबंधित याचिका पर 17 दिसंबर को सुनवाई करेगा. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पामचोली की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता अपराजिता सिंह की दलीलों पर ध्यान दिया, जो एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) के रूप में उनकी सहायता कर रही हैं. सुनवाई के दौरान कोर्ट के अपराजिता सिंह ने कहा कि जब तक अदालतें स्पष्ट निर्देश नहीं देतीं, तब तक राज्य सरकारें प्रदूषण से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं करतीं.



