दिल्ली।

19वें रोजगार मेले में PM मोदी ने बांटे 51000 नियुक्ति पत्र, बोले- आप पर भारत की जिम्मेदारी!

*19वें रोजगार मेले में PM मोदी ने बांटे 51000 नियुक्ति पत्र, बोले- आप पर भारत की जिम्मेदारी*
देश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा. दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19वें रोजगार मेले में शामिल हुए, जहां उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन देशभर के हजारों युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अब देश की विकास यात्रा के जिम्मेदार भागीदार बनने जा रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन समेत कई क्षेत्रों में युवा नई जिम्मेदारियां संभालेंगे और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे. उन्होंने सभी चयनित युवाओं और उनके परिवारों को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह हाल ही में पांच देशों की यात्रा से लौटे हैं. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पांच देशों का दौरा नहीं था, बल्कि इस दौरान उनकी दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुखों के साथ विस्तार से बातचीत हुई. पीएम मोदी ने कहा कि हर जगह उन्होंने एक बात समान रूप से महसूस की कि दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है.
सरकार लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि सिर्फ सरकारी नौकरियां ही नहीं, बल्कि स्किल, स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर में भी युवाओं के लिए नए मौके पैदा किए जा रहे हैं. जनवरी में हुए 18वें रोजगार मेले के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि ‘रोजगार मेला सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में लाने के लिए शुरू किया गया था और पिछले कुछ वर्षों में यह एक संस्था बन गया है.’ प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार देश के भीतर तथा वैश्विक स्तर पर युवाओं के लिए लगातार नए अवसर तैयार कर रही है.उन्होंने कहा था कि ‘डिजिटल इंडिया ने एक नई अर्थव्यवस्था का विस्तार किया है, जिसके साथ भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया और कई अन्य सेक्टरों में एक ग्लोबल हब के तौर पर उभर रहा है.’ सरकार का मानना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी सेक्टर में बढ़ते निवेश से युवाओं को रोजगार के ज्यादा अवसर मिल रहे हैं.
दुनिया भारत के युवाओं और तकनीकी ताकत पर भरोसा जता रही: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ नई साझेदारियां कर रहा है, ताकि देश के युवाओं को ज्यादा अवसर और रोजगार मिल सके. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर का अनुभव मिले और उनकी प्रतिभा दुनिया के सामने आए. पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और युवाओं की क्षमता को लेकर उत्साहित है. उन्होंने बताया कि स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, ग्रीन हाइड्रोजन और पर्यावरण अनुकूल विनिर्माण से जुड़े क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इन क्षेत्रों में हो रही साझेदारियां नई अर्थव्यवस्था और नए अवसरों के द्वार खोल रही हैं.

जहाज निर्माण में बढ़ेंगे रोजगार-PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ ग्रीन बदलाव और टिकाऊ तकनीक को लेकर सहयोग बढ़ रहा है. इससे भारत भविष्य की विनिर्माण आधारित उद्योगों में मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात और नॉर्वे के साथ साझेदारी से भारत का जहाज निर्माण तंत्र और मजबूत बनेगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इंजीनियरों, तकनीशियनों और कुशल कामगारों की मांग बहुत तेजी से बढ़ने वाली है.
विकसित भारत और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर भारतीय वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार अवसर पैदा हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत आज इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण में बड़ी ताकत बन चुका है और गांवों में भी तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है. संपर्क सुविधाएं बढ़ने से किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए नए रास्ते खुले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है और बड़ी संख्या में महिला नेतृत्व वाले नए कारोबार सामने आ रहे हैं. मुद्रा योजना के जरिए करोड़ों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई है.
स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर पर भी फोकस
पीएम मोदी पहले भी कह चुके हैं कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से बढ़ रहा है. सरकार के मुताबिक देश में लगभग दो लाख रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं, जो 21 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दे रहे हैं. डिजिटल इंडिया और नई टेक्नोलॉजी आधारित सेक्टरों में भी नौकरियों के अवसर बढ़े हैं.

सरकार यह भी कह रही है कि कई देशों के साथ व्यापार और आवाजाही समझौते किए जा रहे हैं, जिससे भारतीय युवाओं को विदेशों में भी रोजगार के नए रास्ते मिल सकें. आने वाले समय में स्किल आधारित रोजगार पर और ज्यादा जोर दिया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button