IIT मंडी में ‘शूद्र पोस्टर’ पर विवाद, कॉलेज प्रशासन ने दिए जांच के आदेश, भगवद्गीता से जुड़ा है मामला!

IIT मंडी में ‘शूद्र पोस्टर’ पर विवाद, कॉलेज प्रशासन ने दिए जांच के आदेश, भगवद्गीता से जुड़ा है मामला
पोस्टर में भगवद्गीता के एक श्लोक का उल्लेख था, जिसमें कहा गया था कि मानव समाज के चार वर्गों का विभाजन ‘प्रकृति के तीन गुणों और उनसे जुड़े कार्यों’ के आधार पर किया गया है.
मंडी:
आईआईटी मंडी ने अपने परिसर में भगवद्गीता पर आधारित एक विवादित पोस्टर लगाने को लेकर जांच के आदेश दिए हैं. इस पोस्टर में कहा गया था कि ‘शूद्रों को उच्च वर्ग की सेवा’ करनी चाहिए. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के निदेशक लक्ष्मीधर बेहरा ने इसे छात्रों की धर्मग्रंथ की अपनी व्याख्या बताया और इसकी सामग्री से संस्थान को अलग कर लिया.
बेहरा का भगवद्गीता के शिक्षण और अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) से लंबे समय से जुड़ाव रहा है. वह आईआईटी मंडी में भगवद्गीता पर तीन क्रेडिट का पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं. इसके अलावा वह प्रस्तावित भक्तिवेदांत विश्वविद्यालय के संस्थापक हैं, जो खुद को इस्कॉन की पहल बताता है.



