पायलट की रिपोर्ट के बाद पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज, राजा वड़िंग की जगह नए चेहरे की तैयारी!

पायलट की रिपोर्ट के बाद पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज, राजा वड़िंग की जगह नए चेहरे की तैयारी
पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की हलचल तेज हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी प्रदेश संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पद से हटाए जाने की चर्चा तेज है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर फैसला कर लिया है। विजय इंदर सिंगला का नाम इस पद के लिए सामने आ रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वड़िंग को भी नेतृत्व में होने वाले बदलाव की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है।
संगठन में भी हो सकता है बदलाव
प्रदेश अध्यक्ष बदलने के साथ पंजाब कांग्रेस की टीम में भी कई बदलाव किए जा सकते हैं। पार्टी नेतृत्व संगठन में क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन बनाने पर जोर दे सकता है। ऐसे में नए अध्यक्ष के साथ नई टीम के गठन की संभावना भी जताई जा रही है।
2027 के चुनाव पर नजर
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस के सामने संगठन को एकजुट करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की चुनौती है। इसी वजह से प्रदेश नेतृत्व में बदलाव को चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने हाल में पार्टी नेताओं से मुलाकात कर संगठन और राज्य की राजनीतिक स्थिति पर फीडबैक लिया था। अब नेतृत्व में संभावित बदलाव के बाद यह देखना होगा कि पार्टी की नई रणनीति क्या रहती है और राजा वड़िंग को आगे संगठन में कोई नई जिम्मेदारी मिलती है या नहीं।



