अग्निवीरों को चार साल के मैरिज बैन से मिल सकती है राहत

अग्निवीरों को चार साल के मैरिज बैन से मिल सकती है राहत
सेना के शीर्ष रक्षा सूत्रों के अनुसार, सशस्त्र बल अग्निपथ योजना के तहत अपनी 4 साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद आगे सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों के लिए परिवार से जुड़े नियमों में ढील देने पर विचार कर रहे हैं। इस संशोधित व्यवस्था के तहत extended सेवा अवधि (अतिरिक्त दो वर्षों) के दौरान शादी से जुड़ी पाबंदियों को हटाने की संभावना पर मंथन किया जा रहा है।
मौजूदा नियमों के तहत, अग्निवीरों को उनकी 4 साल की शुरुआती सेवा अवधि के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं है। इस प्रतिबंध का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शुरुआती वर्षों में रंगरूट पूरी तरह से सैन्य प्रशिक्षण, परिचालन जिम्मेदारियों और सेवा अनुशासन पर ध्यान केंद्रित रख सकें।
अग्निवीर योजना क्या है?
शुरुआत और उद्देश्य: केंद्र सरकार ने जून 2022 में सेना, नौसेना और वायु सेना में युवाओं की अल्पकालिक भर्ती के लिए ‘अग्निपथ योजना’ शुरू की थी, जिसके तहत भर्ती होने वाले जवानों को ‘अग्निवीर’ कहा जाता है।
सेवा की अवधि: इस योजना के तहत युवाओं को 4 साल के कार्यकाल के लिए सेना में भर्ती किया जाता है, जिसमें 6 महीने की ट्रेनिंग और साढ़े तीन साल की सेवा शामिल है।
परमानेंट कैडर में चयन: 4 साल की सेवा पूरी होने के बाद प्रदर्शन के आधार पर 25% अग्निवीरों को नियमित (परमानेंट) सैन्य कैडर में शामिल किया जाता है।
सेवा निधि पैकेज: 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर अग्निवीरों को ‘सेवा निधि’ पैकेज के तहत लगभग ₹11.71 लाख की कर-मुक्त (tax-free) राशि और वित्तीय सहायता दी जाती है।



