बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर, हड़ताल से पहले रविवार (27 September) को खुलेंगी शाखाएं!

बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर, हड़ताल से पहले रविवार (27 September) को खुलेंगी शाखाएं
बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यह फैसला ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में होने वाली परेशानी से बचाने के लिए लिया गया है।
26 और 27 सितंबर के बाद शुरू होगी हड़ताल
दरअसल, 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर पहले से ही असर पड़ना था। इसके तुरंत बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल है। ऐसे में लगातार कई दिनों तक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता था। इसी स्थिति को देखते हुए 27 सितंबर को सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का फैसला किया गया है।
क्यों हो रही है तीन दिन की बैंक हड़ताल?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है, यानी सभी शनिवार को बैंक कर्मचारियों के लिए छुट्टी देने की मांग। सरकार के मुताबिक, यूनियनों ने पहले दो प्रमुख मांगें रखी थीं—पांच दिन की बैंकिंग और Performance Linked Incentive यानी PLI योजना को वापस लेना। सरकार का कहना है कि PLI योजना को फिलहाल स्थगित किया जा चुका है।



