POLITICS

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

लखनऊ:
अखिलेश यादव के भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर देवेश चंद्र पांडेय के अनुसार, प्रतीक यादव को सुबह करीब 5:55 बजे अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। केजीएमयू के प्रवक्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है और जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।

प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था। प्रतीक राजनीति से दूर रहते थे और बिजनेस व फिटनेस की दुनिया में सक्रिय माने जाते थे। उन्हें फिटनेस प्रेमी और शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाना जाता था।

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही थी। दोनों की मुलाकात स्कूली दिनों में हुई थी और बाद में दोनों ने इंग्लैंड में साथ पढ़ाई की। इसके बाद साल 2011 में दोनों ने शादी की। अपर्णा यादव वर्तमान में बीजेपी की सक्रिय नेता हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। वहीं अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह खबर उन्हें अंदर तक झकझोर देने वाली है।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वह प्रतीक को बचपन से जानते थे और कुछ दिन पहले ही उनसे मुलाकात हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रतीक अपने कारोबार और भविष्य को लेकर काफी गंभीर थे। अखिलेश ने यह भी कहा कि कई बार आर्थिक और कारोबारी दबाव इंसान को भीतर से तोड़ देता है।

समाजवादी पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी शोक संदेश जारी कर परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Neeraj Kumar Srivastava

आम जन मानस के हित की news के लिए log in करें www.saamgikhans.com गूगल प्ले स्टोर से saamyikhans app जरूर down load करें 🙏

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button