वृंदावन पहुंचीं नेहा धूपिया, वृद्ध माताओं से मिलकर छलक पड़े आंसू; यमुना सफाई और सेवा में बिताया समय!

वृंदावन पहुंचीं नेहा धूपिया, वृद्ध माताओं से मिलकर छलक पड़े आंसू; यमुना सफाई और सेवा में बिताया समय
वृंदावन:
फ़िल्म अभिनेत्री नेहा धुप्या का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अक्सर रियलिटी शो में अपने सख्त और बेबाक अंदाज़ के लिए पहचानी जाने वाली नेहा का इस बार एक बेहद संवेदनशील रूप देखने को मिला। वह वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने आध्यात्मिक माहौल के बीच सेवा, सत्संग और सामाजिक कार्यों में हिस्सा लिया।
नेहा ने अपनी इस यात्रा की झलक अपने व्लॉग में साझा की है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा उनके लिए बेहद खास और भावनात्मक रही। मुंबई से दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने सड़क किनारे कुल्हड़ वाली चाय का आनंद लिया और फिर वृंदावन रवाना हो गईं। वहां उन्होंने मंदिरों के दर्शन किए और आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताया।
प्रेमानंद महाराज के आश्रम में सुना सत्संग
सुबह-सुबह नेहा प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने सत्संग सुना। नेहा ने बताया कि प्रवचन में चरित्र और जीवन मूल्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही गईं। उन्होंने साझा किया कि पहले समाज में चरित्र को सबसे ऊपर माना जाता था, लेकिन अब धन को अधिक महत्व दिया जाने लगा है। सत्संग के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि व्यक्ति को अपने लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए और दिन में कुछ समय ईश्वर स्मरण के लिए अवश्य निकालना चाहिए।
नेहा ने वृंदावन में यमुना नदी की सफाई अभियान में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि केवल पूजा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पवित्र नदियों की स्वच्छता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
वृद्ध महिलाओं से मिलकर भावुक हुईं अभिनेत्री
इसके बाद नेहा अनिरुद्धाचार्य महाराज के आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने उन वृद्ध महिलाओं से मुलाकात की जिन्हें उनके परिवार या बच्चों ने छोड़ दिया था। जब नेहा एक बुजुर्ग महिला का हालचाल पूछने पहुंचीं तो महिला भावुक होकर रो पड़ीं। यह देखकर नेहा भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं। उन्होंने वहां मौजूद सभी महिलाओं के साथ समय बिताया, बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके अलावा नेहा ने लोगों को भोजन परोसा और सेवा कार्यों में हिस्सा लिया।
वृंदावन के स्वाद का भी लिया आनंद
अपनी यात्रा के दौरान नेहा ने वृंदावन के स्थानीय व्यंजनों का भी आनंद लिया। उन्होंने लस्सी और चीले जैसे प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा।
नेहा ने कहा कि यह उनकी पहली वृंदावन यात्रा थी और यहां से वह बेहद सकारात्मक और भावुक अनुभव लेकर लौट रही हैं। उनके साथ अभिनेता विशाल जेठवा भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर नेहा की इस यात्रा को लेकर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। खासतौर पर वृद्ध महिलाओं के साथ बिताए गए उनके भावुक पलों ने लोगों का दिल छू लिया है।



