राम मंदिर, धारा 370, नक्सल फ्री इंडिया… BJP के वो बड़े वादे जो 12 साल में मोदी सरकार ने किए पूरे!

राम मंदिर, धारा 370, नक्सल फ्री इंडिया… BJP के वो बड़े वादे जो 12 साल में मोदी सरकार ने किए पूरे
अब जब मोदी सरकार नक्सल मुक्त भारत का सपना साकार करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रही है तो यह जानना मौजूं होगा कि बीते 12 साल में मोदी सरकार ने किन-किन बड़ी उपलब्धियों को हासिल किया, जिसका वादा कर बीजेपी सत्ता में आई थी.
नई दिल्ली:
16 मई, 2014 को भारत में लोकसभा चुनाव के लिए हुई वोटों की गिनती हुई. 10 साल से सत्ता में काबिज कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को करारी हार मिली और भारत के चुनावी इतिहास में पहली बार बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता में आई. इस चुनाव का परिणाम कुछ ऐसा था कि बीजेपी अकेले दम पर भी सरकार बना और चला सकती थी. इस चुनाव से पहले विपक्ष में रही बीजेपी ने प्रचार अभियान के दौरान देश से कई बड़े वादे किए. जिसमें अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त करना, तीन तलाक समाप्त करना, नक्सल मुक्त भारत बनाना सहित कई अन्य शामिल थे.
अब 31 मार्च 2026 को केंद्र की मोदी सरकार अपने एक बड़े वादे को पूरा करने का जा रही है. यह वादा है- नक्सल मुक्त भारत का. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सल मुक्त भारत के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन तय की थी. अमित शाह द्वारा यह समयसीमा तय किए जाने के बाद कई बड़े नक्सली कमांडरों ने सरेंडर किए, कई नक्सली कमांडर एनकाउंटर में मारे गए.



