Diwali Special: दिल्ली से पटना के बीच शुरू हुई वंदे भारत!

Diwali Special: दिल्ली से पटना के बीच शुरू हुई वंदे भारत
दिवाली और महापर्व छठ पर बिहार जाने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा तोहफा दिया है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए नई दिल्ली से पटना के बीच वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है। यह ट्रेन दिल्ली और पटना के बीच का सफर करीब 13 घंटे में पूरा करेगी।
सुबह दिल्ली से चलेगी, रात में पहुंचेगी पटना
नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन संख्या 02252 सुबह 8:35 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और उसी दिन रात 9:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वहीं, वापसी में पटना-नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल ट्रेन संख्या 02251 सुबह 10 बजे पटना जंक्शन से चलेगी और रात 11:30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इस तरह दोनों दिशाओं में ट्रेन करीब 13 घंटे में दिल्ली और पटना के बीच का सफर पूरा करेगी। त्योहारों के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए यह ट्रेन लंबी दूरी का सफर कम समय में पूरा करने का विकल्प देगी।
चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास का इतना होगा किराया
आईआरसीटीसी की वेबसाइट के मुताबिक, इस वंदे भारत स्पेशल ट्रेन में चेयर कार (CC) का किराया 2,615 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एग्जीक्यूटिव क्लास (EC) के लिए 4,695 रुपये किराया देना होगा।
इन तारीखों पर चलेगी दिल्ली-पटना वंदे भारत
दिल्ली से पटना जाने वाली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन 16 और 18 अक्टूबर को चलेगी। इसके बाद 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक यह ट्रेन हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी।



