
नकली प्रोटीन सप्लीमेंट गिरोह का भंडाफोड़, एक और आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली:
राजधानी में नकली पोषण पूरक बनाने और बेचने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की अपराध शाखा ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नवीन कुमार उर्फ बंजारा के रूप में हुई है, जो हरियाणा का रहने वाला है।
इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया था, जिनके पास से भारी मात्रा में नकली पोषण पूरक और जाली स्टिकर बरामद किए गए थे। उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए नवीन कुमार तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद टीम ने रानी खेड़ा गांव स्थित एक स्थान पर छापा मारा, जहां नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने और पैक करने की अवैध इकाई का खुलासा हुआ। यहां सस्ते कच्चे माल और विभिन्न फ्लेवर मिलाकर नामी ब्रांडों के नाम पर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे।
आरोपी इन नकली उत्पादों को जाली स्टिकर, होलोग्राम और सील लगाकर बाजार में बेचता था, जिससे ग्राहकों को धोखा दिया जा रहा था और असली कंपनियों को नुकसान हो रहा था। मौके से एक कंप्यूटर भी बरामद हुआ है, जिसमें नकली लेबल और अन्य सामग्री से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और कच्चे माल की खरीद से लेकर तैयार माल की सप्लाई तक पूरी श्रृंखला में उसकी अहम भूमिका थी। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में तैयार और कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



