2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन, 2040 तक चांद पर भारतीय: पीएम मोदी

2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन, 2040 तक चांद पर भारतीय: पीएम मोदी
पेरिस में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन को वर्चुअली किया संबोधित, सुरक्षित और टिकाऊ अंतरिक्ष क्षेत्र की वकालत
पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित किया।
अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का आभार जताया।
अंतरिक्ष की संभावनाओं को बताया असीमित
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सदियों से अंतरिक्ष इंसान की कल्पनाओं को प्रेरित करता रहा है और आज अंतरिक्ष तकनीक धरती पर लोगों की जिंदगी बचाने में भी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष की संभावनाएं असीमित हैं और इसे लेकर सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ पर आधारित है भारत का दृष्टिकोण
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष को लेकर दृष्टिकोण ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य की भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह भावना पृथ्वी से आगे अंतरिक्ष तक भी पहुंचनी चाहिए।
सुरक्षित और टिकाऊ अंतरिक्ष व्यवस्था की वकालत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कानूनों पर आधारित सुरक्षित और टिकाऊ अंतरिक्ष क्षेत्र का समर्थन करता है। उन्होंने वैज्ञानिक आंकड़ों का इस्तेमाल खुलेपन और ईमानदारी के साथ साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए किए जाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
इसरो की उपलब्धियों की प्रधानमंत्री ने की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इसरो की तकनीक और साझेदारी से सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर इसरो के प्रति जो भरोसा बना है, उसके पीछे भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीशियनों की कई पीढ़ियों की मेहनत और समर्पण है।
भारतीय अंतरिक्ष मिशन को लेकर बड़ा लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को लेकर बड़े लक्ष्यों का भी जिक्र किया। भारत 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने और 2040 तक भारतीय को चांद पर भेजने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे भारत की अंतरिक्ष यात्रा के अगले बड़े चरण का संकेत मिलता है।



