हाईकोर्ट बेंच की मांग पर मेरठ बार का कड़ा रुख, भाजपा नेताओं के कचहरी प्रवेश पर रोक!

हाईकोर्ट बेंच की मांग पर मेरठ बार का कड़ा रुख, भाजपा नेताओं के कचहरी प्रवेश पर रोक
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर मेरठ बार एसोसिएशन ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। आमसभा में अधिवक्ताओं ने भाजपा के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के कचहरी परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
बार एसोसिएशन के इस फैसले के भाजपा से जुड़े अधिवक्ताओं को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर उनकी सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके अलावा भाजपा जनप्रतिनिधियों से जुड़े मुकदमों में पैरवी नहीं करने का निर्णय लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर नाराजगी जताते हुए बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में न्यायिक कार्य से विरत रहने का ऐलान किया है। इस दौरान वकील हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर प्रदर्शन और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बार पदाधिकारियों का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच की मांग लंबे समय से लंबित है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।



