धुआं उठने के बाद स्विस एयर विमान की IGI एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, घायल हुए 4 यात्री!

धुआं उठने के बाद स्विस एयर विमान की IGI एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, घायल हुए 4 यात्री
प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी. समय रहते उठाए गए कदमों और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया.
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया. ज्यूरिख जा रहे स्विस एयर के विमान के ‘लेफ्ट लैंडिंग गियर’ से धुआं निकलता देख पायलट ने टेक-ऑफ को बीच में ही रोक दिया.
इसके बाद हवाई अड्डे पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई. विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित निकालने के दौरान हुई अफरा-तफरी में चार लोग घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, विमान रनवे पर उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक विमान के बाएं लैंडिंग गियर से गहरा धुआं उठता दिखाई दिया. चालक दल ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए टेक-ऑफ रद्द कर दिया. विमान के सभी 7 एग्जिट गेट (आपातकालीन द्वार) खोल दिए गए और यात्रियों को स्लाइडर के जरिए बाहर निकाला जाने लगा.
मौके पर तुरंत ‘टीएफटी’ फायर टेंडर्स को रवाना किया गया ताकि किसी भी तरह की आग पर काबू पाया जा सके. विमान में सवार कुल 232 लोगों में से 227 को सुरक्षित निकालकर ‘डायल’ के विशेष रिसेप्शन सेंटर में शिफ्ट किया गया.
निकासी की इस प्रक्रिया के दौरान 4 यात्री घायल हो गए. इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया है, जबकि एक का उपचार एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में ही किया गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डायल ने ‘क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर’ और ‘मल्टी एजेंसी रिस्पांस टीम’ को सक्रिय कर दिया था.



