
बॉबी देओल अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. कुछ सालों पहले ही उन्होंने कमबैक किया है और अब उन्हें खूब काम मिल रहा है. बॉबी देओल ने अपने करियर में काफी उतार-चढ़ाव भी देखे हैं. हाल ही में एक्टर ने खुलासा किया कि जो लोग पहले उनसे घुल-मिलकर बात करते थे, वे भी दूरी बनाने लगे थे. उन्होंने आगे कहा कि वहीं लोग जो पहले इवेंट्स में उनसे बड़े ही गर्मजोशी से मिलते थे, डाउनफॉल शुरू होते ही उन्हें नजरअंदाज करने लगे थे.
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बॉबी देओल ने बताया, ‘जब वक्त बुरा चल रहा होता है, तो आप दुनिया को दोष देना शुरू कर देते हो कि मेरे साथ ऐसा क्यों हो रहा है, मुझमें तो कोई कमी नहीं है. फिर आप बुरी आदतों में फंस जाते हो जैसे-शराब की आदत. आप उसमें डूबने लगते हो. तो मेरे साथ ये हुआ. फिर मुझे एहसास हुआ कि मैं गलत कर रहा हूं. फिर मैंने तय कर लिया, उस दिन से और आज तक का दिन मैं हमेशा खुद का ख्याल रखता हूं.’
लोगों का बदल गया था रवैया
बॉबी देओल ने आगे बताया कि जहां एक समय पर मेकर्स उनसे काम मांगते थे, वहीं वह इंडस्ट्री में आए बदलावों के साथ कदम से कदम मिलाकर नहीं चल पाए. उन्होंने कहा, ‘पार्टियों के लिए इनविटेशंस मिलने कम होने लगे थे और जो लोग मुझसे इतने प्यार से बात करते थे, उन्होंने धीरे-धीरे अलग ग्रुप बना लिया और उन्हें अकेला छोड़ दिया. लेकिन अब जब वो आते हैं मेरे पास तो मैं ये नहीं सोचता कि मैं भगवान बन गया हूं.’
इंडस्ट्री में बदलाव को नहीं समझ पाए बॉबी
अपने शुरुआती करियर में बॉबी देओल इस बात के आदी थे कि लोग खुद उन्हें काम के लिए अप्रोच करते थे. लेकिन 2000 के दशक में वह बॉलीवुड के बदलते माहौल को समझ नहीं पाए. उन्होंने कहा कि सेल्फ-प्रमोशन, नेटवर्किंग और पब्लिक रिलेशंस प्रमुख का जमाना आ गया था, जिससे वह ट्रेंड से बाहर हो गए थे.
रेस 3’ से बड़े पर्दे पर किया कमबैक
बताते चलें कि ‘रेस 3’ बॉबी देओल के करियर में एक अहम मोड़ साबित हुई, जब उन्होंने सलमान खान से मदद मांगी. इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स में काम करके नई पहचान हासिल की, जिनमें वेब सीरीज ‘आश्रम’ और रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ शामिल हैं. हाल ही में बॉबी देओल ने आर्यन खान की सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में काम किया नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है. इसमें उन्होंने सुपरस्टार अजय तलवार के किरदार में अपनी दमदार परफॉर्मेंस से फैंस के दिलों को जीत लिया.



