Meerut: नकाबपोश बदमाशों ने घर लोट रहे मवाना व्यापार मंडल अध्यक्ष को मारी गोली

मवाना नगर के गोल मार्केट के पास रिश्तेदार के साथ घर लौट रहे मवाना व्यापार मंडल के अध्यक्ष इमरान इलाही को नकाबपोश तीन हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। हमलावर गोली मारने के बाद बाइक पर भाग निकले।
घायल को इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इमरान की पीठ में कंधे के पास गोली लगी है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है।मवाना व्यापार मंडल के अध्यक्ष इमरान इलाही का गोल मार्केट के पास जूतों का शोरूम है। वह बसपा के टिकट से नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव भी लड़े थे।
करीब 9:30 बजे वह अपने रिश्तेदार नसीम निवासी मीर मोहम्मद वाली गली के साथ खतौलिया चौक पर किसी मैकेनिक के यहां बाइक से गए थे। मैकेनिक के नहीं मिलने पर दोनों वापस लौट रहे थे। बाइक इमरान चला रहे थे। नसीम ने बताया कि गोल मार्केट के सामने पहुंचे तो बाइक पर सवार तीन आरोपी आए। उन्होंने मुंह कपड़े से ढक रखे थे।
इनमें से एक ने इमरान इलाही पर फायर किया। गोली इमरान की पीठ में कंधे के पास लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। गोली लगने के बाद इमरान सड़क पर गिर पड़े। बाइक सवार हमलावर प्रिया टाॅकीज वाले रास्ते की तरफ भाग गए। घायल को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने इमरान को मेरठ रेफर कर दिया।