त्योहारी सीजन में हवाई किरायों में भारी उछाल, CTI ने सरकार से एयरलाइंस पर लगाम लगाने की मांग की

त्योहारी सीजन में हवाई किरायों में भारी उछाल, CTI ने सरकार से एयरलाइंस पर लगाम लगाने की मांग की
CTI का दावा है कि कंपनियों ने सीटों की संख्या घटाकर टिकटों के दाम बढ़ाए हैं और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर किरायों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है.
दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर विमान कंपनियों की मनमानी पर नकेल कसने की मांग की है. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि CTI की रिसर्च में सामने आया है कि कुछ दिनों पहले जो हवाई टिकटें सस्ती थीं, वही टिकटें अब दोगुने से ज्यादा दाम पर बेची जा रही हैं.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अचानक से इंडिगो, एअर इंडिया आदि विमान कंपनियों ने 50% से 100% तक हवाई किराया बढ़ा दिया है. इससे मध्यम वर्ग और अपर मध्यम वर्ग की कमर टूट गई है. चूंकि गणपति महोत्सव के साथ ही देश में त्योहारी सीजन शुरू हो गया है जो कि दिवाली और छठ पूजा तक चलेगा , ऐसे में लोगों की हवाई यात्रा की फ्रिक्वेंसी भी बढ़ेगी, ऐसे समय में 100% किराया बढ़ा देना खुलेआम विमान कंपनियों की मनमानी है .



