सामयिक हंस

भारत के लिए राहत भरी खबर… होर्मुज से सुरक्षित निकला एक और LPG टैंकर

भारत के लिए राहत भरी खबर… होर्मुज से सुरक्षित निकला एक और LPG टैंकर
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच LPG से भरा भारतीय टैंकर

‘MT सर्व शक्ति’ होर्मुज को सुरक्षित पार कर भारत की ओर बढ़ रहा है. इसमें 18 भारतीय क्रू शामिल हैं और इसके 13 मई तक विशाखापट्टनम पहुंचने की उम्मीद है.

भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है और इस बार यह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ी है. दरअसल, यहां से गुजरते हुए एक और LPG टैंकर सुरक्षित तरीके से बाहर निकल चुका है और अब भारत की ओर बढ़ रहा है. खास बात यह है कि यह अकेला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई टैंकर इस रास्ते से भारत के लिए सफलतापूर्वक निकल चुके हैं, हालांकि कुछ जहाज अभी भी क्षेत्र में फंसे हुए हैं. ऐसे में यह ट्रांजिट भारत की सप्लाई के लिए राहत की तरह देखा जा रहा है.

यह टैंकर मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला ‘MT सर्व शक्ति’ है, जिसमें करीब 46,313 टन LPG भरी हुई है. इसमें कुल 20 क्रू मेंबर हैं, जिनमें 18 भारतीय शामिल हैं. यह टैंकर 2 मई को होर्मुज पार कर चुका है और अनुमान है कि यह 13 मई तक विशाखापट्टनम पहुंच जाएगा.

यह पूरा LPG कार्गो भारत की दैनिक ऊर्जा जरूरतों से जुड़ा हुआ है. इसी वजह से इसे सप्लाई सिस्टम के लिए एक अहम राहत माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा रूट्स पर दबाव बना हुआ है. यह टैंकर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) द्वारा चार्टर किया गया है. हालांकि यह मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत चल रहा है, लेकिन इसका पूरा ऑपरेशन भारत की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ है. शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, जहाज फिलहाल ओमान की खाड़ी के आसपास है और भारत की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है.

यह ट्रांजिट इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि हाल के समय में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले भारत से जुड़े जहाजों की संख्या काफी कम हो गई थी. इसी बीच यह सुरक्षित निकलना एक सकारात्मक संकेत है. हालांकि अभी भी करीब 14 भारतीय या भारत से जुड़े जहाज इस स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में फंसे हुए हैं.

इसके बावजूद सरकार की ओर से बताया गया है कि पिछले 24 घंटे में किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई घटना सामने नहीं आई है. पोर्ट्स, शिपिंग और विदेश मंत्रालय मिलकर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और क्रू की सुरक्षा व सप्लाई को सामान्य रखने की कोशिश कर रहे हैं.

सरकार का कंट्रोल रूम भी दिन-रात एक किए हुए है. आप अंदाजा लगाइए कि अब तक लगभग 18 हजार ईमेल और 8 हजार से ज्यादा फोन कॉल अटेंड किए जा चुके हैं, ताकि हर जहाज की पल-पल की खबर रहे. इतना ही नहीं, सरकार ने अब तक करीब 3 हजार नाविकों को सुरक्षित उनके घर भी पहुंचाया है. राहत की बात यह भी है कि देश के किसी भी बंदरगाह पर फिलहाल कोई जाम नहीं है और सारा काम बिल्कुल सामान्य रूप से चल रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button