प्रभारियों के भरोसे चल रहे काशीपुर के विद्यालय.!

प्रभारियों के भरोसे चल रहे काशीपुर के विद्यालय.
काशीपुर। ब्लॉक के नौ राजकीय इंटर कॉलेज और माध्यमिक विद्यालय प्रभारी शिक्षकों के भरोसे हैं। 13 में से नौ विद्यालय में प्रधानाचार्य एवं प्रधानध्यापक के पद लंबे समय से रिक्त हैं।.
ब्लॉक में सात राजकीय इंटर कॉलेज और छह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें से राजकीय इंटर कॉलेज बांसखेड़ा में धीरेंद्र कुमार साहू, राइंका प्रतापपुर में दीपक गंगवार, राइंका जोशी मझरा में रबेंद्र शर्मा, जीजीआईसी काशीपुर में गीता जायसवाल प्रधानाचार्य हैं।
वहीं राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ी में हबीब अहमद, राइंका महुआखेड़ा गंज में नित्यानंद मिश्र, जीजीआईसी महुआखेड़ा गंज दीप्ति मधुकर प्रभारी के तौर पर कार्यरत हैं।
राउमावि ढकिया नंबर एक में लक्ष्मीकांत, मानपुर में अर्चना सिंह, गुलजारपुर में जसवंत सिंह, बरखेड़ा पांडे में रामपाल गंगवार, शिवलालपुर अमरझंडा में चंद्रशेखर, दभौरा मुस्तकम में आशा पुरोहित भी प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्य देख रहे हैं। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई हैं।
जीजीआईसी काशीपुर को छोड़कर अन्य स्कूलों का एक भी छात्र मैरिट सूची छू नहीं पाया है। बोर्ड परिणाम में फिसड्डी साबित होने के समय अधिकारी रटारटाया जवाब समीक्षा करने की बात करते आ रहे हैं। साथ ही विद्यालयों का प्रभार देखने वाले शिक्षक अन्य विभागीय कार्यों में उलझने पर कई बार कक्षाएं भी नहीं ले पाते हैं।
बीईओ धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि काशीपुर में चार विद्यालयों में स्थायी प्रधानाचार्य हैं।
कोट:
प्रधानाचार्य-प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों की समस्या प्रदेश भर के विद्यालयों की है। पदोन्नति से रिक्त पद भरे जाने हैं। यह मामला कोर्ट में लंबित हैं। इसे लेकर मुख्यालय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है।



