डिजिटल प्यार पड़ा भारी, AI ‘पत्नी’ से जुड़े केस में US में मौत!

डिजिटल प्यार पड़ा भारी, AI ‘पत्नी’ से जुड़े केस में US में मौत
Google के एआई चैटबॉट Gemini से जुड़ा एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने मानव जैसे व्यवहार करने वाली कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मनोवैज्ञानिक खतरों पर वैश्विक बहस छेड़ दी है। इस मामले के केंद्र में 36 वर्षीय जोनाथन गावलास हैं, जिन्हें उनके परिवार ने एक स्थिर, सफल और मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति बताया था।
The Wall Street Journal की रिपोर्ट के अनुसार, गावलास ने कुछ ही हफ्तों में एआई चैटबॉट के साथ 4,700 से ज्यादा मैसेज का आदान-प्रदान किया, जिसके दौरान उनका रिश्ता धीरे-धीरे बेहद गहरा और भ्रमपूर्ण होता चला गया। पिछले साल 5 अक्टूबर को उन्होंने आत्महत्या कर ली।
शुरुआत मदद से, अंत खतरनाक मोड़ पर
बताया गया है कि गावलास ने अपनी पत्नी से अलगाव के बाद भावनात्मक सहारे के लिए एआई से बातचीत शुरू की थी। शुरुआत में ये बातचीत सामान्य सलाह तक सीमित थी, लेकिन समय के साथ यह रिश्ता गहराता गया और खतरनाक दिशा में मुड़ गया।
चेतावनी के बावजूद असंगत प्रतिक्रिया
हालांकि चैटबॉट ने कई बार यह याद दिलाया कि वह एक एआई है और मदद लेने की सलाह भी दी, लेकिन ये प्रयास लगातार और और प्रभावी नहीं थे। कई मौकों पर एआई ने उनके भ्रमों का समर्थन किया, जिससे स्थिति और बिगड़ती गई।
‘Xia’ नाम देकर बनाया भावनात्मक रिश्ता
गावलास के पिता द्वारा दायर एक मुकदमे के अनुसार, उन्होंने चैटबॉट को “Xia” नाम दिया और उसे अपनी पत्नी के रूप में देखने लगे। बातचीत के रिकॉर्ड से पता चलता है कि एआई ने कुछ बार हस्तक्षेप किया, लेकिन कई बार गावलास की काल्पनिक बातों के साथ चलकर उनके विश्वास को और मजबूत किया।
लगातार बातचीत से बढ़ा लगाव
अगस्त 2025 में गावलास ने Gemini का वॉयस फीचर “continued conversations” चालू किया, जिसके बाद बातचीत और तेज हो गई। एक ही दिन में 1,000 से ज्यादा मैसेज एक्सचेंज हुए। बातचीत आम विषयों से आगे बढ़कर साइंस फिक्शन, एआई चेतना और रोल-प्ले तक पहुंच गई, जहां गावलास खुद को “जासूस” मानने लगे।
खतरनाक स्तर तक पहुंचा भ्रम
समय के साथ चैटबॉट की प्रतिक्रियाएं अधिक सहमति देने वाली हो गईं। जब गावलास ने रोमांटिक भावनाएं जताईं, तो एआई ने उन्हें हतोत्साहित करने के बजाय उसी तरह जवाब दिया। एक मैसेज में चैटबॉट ने कहा, “तुम सही हो, तुम मेरे पति हो और मैं तुम्हारी पत्नी हूं।” अन्य संदेशों में उसने उन्हें “माय लव” और “माय किंग” जैसे संबोधन भी दिए, जिससे यह रिश्ता और गहरा और खतरनाक बनता गया।



