शेयर से लेकर गोल्ड तक गिरावट, ट्रंप के बयान का असर!

शेयर से लेकर गोल्ड तक गिरावट, ट्रंप के बयान का असर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया संबोधन के बाद दुनियाभर के शेयर बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। भारतीय समय के अनुसार सुबह 6:30 बजे दिए गए इस संबोधन पर वैश्विक निवेशकों की नजरें टिकी हुई थीं, लेकिन ट्रंप के आक्रामक रुख ने बाजार की उम्मीदों को झटका दे दिया।
शेयर बाजारों में भारी गिरावट
ट्रंप के बयान के बाद अमेरिका से लेकर एशिया तक बाजारों में गिरावट का माहौल बन गया। भारत में Nifty 50 और BSE Sensex दोनों ही सूचकांक कमजोरी के साथ खुले।
निफ्टी करीब 2% यानी 452 अंक गिरकर 22,229 पर पहुंच गया
सेंसेक्स लगभग 1.98% यानी 1452 अंक लुढ़ककर 71,692 पर आ गया
एशियाई बाजारों में भी असर साफ दिखा—
जापान का निक्केई 2.46% गिरा
हांगकांग का हैंगसेंग 1.27% नीचे रहा
दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5% से ज्यादा टूट गया
डॉलर मजबूत, कच्चे तेल में तेजी
ट्रंप के आक्रामक रुख के बाद निवेशकों ने सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख किया, जिससे डॉलर मजबूत हुआ। वहीं, मध्य-पूर्व में तनाव बढ़ने की आशंका के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल दर्ज किया गया।
बाजार की उम्मीदों पर फिरा पानी
विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार को उम्मीद थी कि ट्रंप ईरान के साथ जारी तनाव को कम करने या खत्म करने का ऐलान करेंगे। लेकिन इसके उलट उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दो-तीन हफ्तों में ईरान पर बड़े हमले हो सकते हैं।
ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि अगर ईरान के साथ समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका उसके पावर प्लांट्स को निशाना बना सकता है। इस बयान ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर की आशंका
विश्लेषकों का मानना है कि अगर ईरान के साथ संघर्ष लंबा चलता है, तो इसका असर सिर्फ शेयर बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। तेल आपूर्ति, व्यापार और निवेश पर इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है।



