Faridabad में डबल डेथ मिस्ट्री, कार में मिले दो भाइयों के शव

Faridabad में डबल डेथ मिस्ट्री, कार में मिले दो भाइयों के शव
फरीदाबाद के नवीन नगर इलाके में शनिवार (7 मार्च) को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर दो भाइयों के शव बरामद हुए। मृतकों में एक रिटायर्ड फौजी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई शुक्रवार (6 मार्च) की सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
बिहार के छपरा के रहने वाले थे दोनों भाई
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 44 वर्षीय कुंदन कुमार और 38 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है। कुंदन कुमार भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे, जबकि रंजन कुमार दिव्यांग थे। दोनों मूल रूप से छपरा जिले के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 वर्षों से फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।
नवीन नगर में खड़ी मिली संदिग्ध कार
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों भाई शुक्रवार सुबह अपनी कार से घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि नवीन नगर इलाके में अगवानपुर रोड पर एक कार काफी देर से खड़ी हुई है। आसपास के लोगों के मुताबिक यह कार सुबह करीब 10 बजे से वहीं खड़ी थी, जिससे उन्हें शक हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की। जांच के दौरान कार के अंदर दोनों भाइयों के शव बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हरियाणा पुलिस के फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।



