जालंधर में AAP नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या, गुरुद्वारे के बाहर मारीं 5 गोलियां

पुलिस ने बताया कि लक्की ओबोराय के शरीर में पांच गोलियां लगी. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से जालंधर शहर में डर का माहौल बन गया है.
पंजाब के जालंधर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, आप नेता लक्की ओबेराय को मॉडल टाउन के गुरुद्वारा साहिब के बाहर एक के बाद एक कई गोलियां मारी गई. एक नेता पर फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सहम गए. मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ओबेरॉय गुरुद्वारे के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे. उसी वक्त दोपहिया वाहन पर हमलावरों ने उन पर गोलियां दागनी शुरू की. ओबेरॉय को पांच गोलियां लगी. इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.



