
बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस और पूर्व मिस इंडिया सेलिना जेटली इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. उनके बड़े भाई, रिटायर्ड मेजर विक्रांत कुमार जेटली को विदेश में अगवा हुए 444 दिन से ज्यादा हो चुके हैं. इस दर्द को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए शेयर किया है.
सेलिना ने हाल ही में अपने भाई, मेजर (सेवानिवृत्त) विक्रांत कुमार जेटली के लिए एक लंबा नोट लिखा है. उन्होंने बताया कि उनके भाई को हिरासत में लिए हुए एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है. उन्होंने बताया कि वह वह काफी समय से डरी हुई हैं. सेलिना ने आगे कहा कि उन्हें अपने भाई की बहुत याद आती है और वे उसकी आवाज सुनने और उसका चेहरा देखने के लिए तरस गई हैं.
पोस्ट शेयर कर बयां किया दर्द
सेलिना ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखा कि उनके भाई को एक साल से भी ज्यादा समय से बंदी बनाकर रखा गया है. उन्होंने बताया कि ‘जंग के मैदान से जेल की कोठरी तक… मेरे भाई को अगवा हुए 1 साल, 2 महीने, 17 दिन हो गए हैं. यानी 444 दिन, 10,632 घंटे, 6,37,920 मिनट. पहले आठ महीने उन्हें अकेले कैद रखा गया, फिर उन्हें मिडिल ईस्ट की किसी जगह हिरासत में ले जाया गया. मैं बस उनकी आवाज और चेहरा देखने का इंतजार कर रही हूं.
मेरे भाई के लिए उठाया जाए मजबूत कदम
पोस्ट में आगे अपनी बात रखते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि भाई की आखिरी कॉल आज भी उनके दिल में दर्द जगा देती है. उस कॉल में मौजूद बेचैनी उनकी यादों में आज भी जिंदा है. उन्होंने लिखा कि मेजर विक्रांत ने अपनी पूरी जवानी देश की सेवा में बिताई और कई बार ड्यूटी के दौरान घायल भी हुए.सेलिना ने कतर में फंसे आठ भारतीय नेवी वेटरन्स को वापस लाने के लिए भारत सरकार के कदम की तारीफ की और उम्मीद जताई कि उनके भाई के लिए भी वैसा ही मजबूत कदम उठाया जाएगा.
बता दें कि एक्ट्रेस ने अपनी अपील में ये भी कहा है कि हमारे सैनिक को वापस लाओ. इस मोमेंटम को खत्म मत होने दो. जिसने देश के लिए सब कुछ कुर्बान किया, उसे अकेला मत छोड़ो. हम अपने वेटरन्स को भूल नहीं सकते. अपने दिवंगत पिता कर्नल वी.के. जेटली को याद करते हुए सेलिना ने कहा कि पापा हमेशा कहते थे, “अगर सैनिक का सम्मान करना है तो ऐसा भारतीय बनो, जिसके लिए वह सब कुछ दांव पर लगा दे.



