मेरठ में व्यापारी से नाक रगड़वाने वाले भाजपा नेता विकुल चपराणा को पद से हटाया, सोमेंद्र तोमर ने कहा – दोषी पर होगी कार्रवाई

मेरठ के भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकुल चपराणा को एक व्यापारी से सड़क पर नाक रगड़वाने के विवाद के बाद पद से हटा दिया गया है। यह मामला 19 अक्टूबर को तेजगढ़ी चौराहा पर कार पार्किंग विवाद से शुरू हुआ, जिसमें विकुल चपराणा ने खुद को ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर का करीबी बताया और युवक सत्यम रस्तोगी से अपमानजनक व्यवहार किया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने विकुल चपराणा को गिरफ्तार कर लिया और तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने इसे पार्टी की विचारधारा के विपरीत बताया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि योगी सरकार में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी। इस घटना पर मुखिया गुर्जर और सपा ने रासुका लगाने की मांग की है।



