
टीवी और फिल्मी दुनिया का जाना-माना नाम रहे पंकज धीर अब इस दुनिया में नहीं रहे. 68 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली. बीआर चोपड़ा के सीरियल ‘महाभारत’ में ‘कर्ण’ की भूमिका निभाने वाली टीवी की ये ‘दानवीर’ एक भंयकर बीमारी से हार गया. उनके निधन की खबर से फैंस और इंडस्ट्री शोक में है. पंकज धीर के करीबी दोस्त और एक्टर अमित बहल ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की. पंकज CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रटरी रहे थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो पिछले काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे. वो इससे जंग जीत गए थे. लेकिन बीते कुछ महीनों में उनका कैंसर दोबारा लौटा. एक्टर की हालत काफी नाजुक थी. बीमारी की वजह से वो एक बड़ी सर्जरी से भी गुजरे थे. लेकिन पंकज को बचाया नहीं जा सका.
टीवी और फिल्मों में आए नजर
पंकज धीर ने हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया. उन्हें ‘चंद्रकांता’, ‘युग’, ‘द ग्रेट मराठा’ और ‘बढ़ो बहू’ जैसे शोज में देखा गया. वे ‘आशिक आवारा’, ‘सड़क’, ‘सोल्जर ‘और ‘बादशाह’ जैसी फिल्मों भी नजर आए हैं.
पवनहंस में होगा अंतिम संस्कार
पंकज धीर के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा. बताया जा रहा है कि मुंबई के विले पार्ले स्थित पवनहंस श्मशान घाट पर कुछ ही देर में किया जाएगा. उनके परिवार और करीबी दोस्तों के साथ-साथ सिनेमा जगत के कई बड़े सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंच रहे हैं.
कौन-कौन है परिवार में
निजी जिंदगी की बात करें, तो पंकज ने अनीता धीर से शादी की थी. उनकी पत्नी अनीता कॉस्ट्यूम डिजाइनर हैं. उन्होंने ‘विक्टोरिया नंबर 203’, ‘डायमंड्स आर फॉरेवर’, ‘इक्के पे इक्का’ और ‘बॉक्सर’ जैसी फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइन किए. उनके बेटे निकितन धीर हैं, जो एक्टर हैं. टीवी एक्ट्रेस कृतिका सेंगर उनकी बहू हैं.



