प्रेमी ने पहले दिलाई शराब, फिर चाकू से गला रेत कर प्रेमिका की हत्या, शव झाड़ियों में फेंका

मेरठ के टीपीनगर इलाके में छह साल पुरानी प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हो गया, जब प्रेमी मनोज मास्टर (50) ने अपनी प्रेमिका अनीता (40) को शराब पिलाने के बाद गला रेतकर हत्या कर दी। मनोज को शक था कि अनीता के अन्य लोगों से संबंध हैं, जिससे उनके बीच विवाद बढ़ा। घटना वाले दिन दोनों रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में शराब पी रहे थे। झगड़े के दौरान गुस्से में मनोज ने चाकू से अनीता का गला काट दिया।
हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने मनोज को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।अनीता मूलतः दौराला क्षेत्र के सरसवा गांव की रहने वाली थी और परतापुर में मजदूरी करती थी। मनोज पहले प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था और ट्यूशन भी पढ़ाता था।
दोनों के बीच करीब छह साल से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है।इस वारदात ने प्रेम संबंधों में अविश्वास और जलन के जिस काले पक्ष को उजागर किया है, वह इलाके में सनसनी बनी हुई है।



