KBC 17 में बेटे फरहान संग पहुंचे जावेद अख्तर, बिग बी बोले- ‘जब तक बैठने को ना कहा जाए…’, वायरल हुआ प्रोमो

महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ शो को होस्ट कर रहे हैं. 11 अक्टूबर को बिग बी अपना 83वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं. इस खास मौके को वह केबीसी के सेट पर फरहान अख्तर और उनके पिता जावेद अख्तर के साथ सेलिब्रेट करेंगे. हाल ही में मेकर्स ने ‘केबीसी 17’ का एक प्रोमो शेयर किया है, जिसमें बिग बी दोनों मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं और उनके साथ मिलकर केक काटते हैं. इतना ही नहीं, अमिताभ अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जंजीर’ का एक मशहूर डायलॉग भी उसी अंदाज में बोलते हैं.
सोनी टीवी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के अपकमिंग एपिसोड का नया प्रोमो शेयर किया. इसमें दिखाया गया कि अमिताभ बच्चन, जावेद अख्तर का अपने शो पर स्वागत करते हैं. फरहान अख्तर और जावेद अख्तर के साथ बर्थडे केक काटते हैं. जैसे ही फरहान और जावेद हॉट सीट पर बैठते हैं, अमिताभ बच्च फिल्म ‘जंजीर’ का मशहूर डायलॉग बोलते हैं- ‘जब तक बैठने को ना कहा जाए, तब तक शराफत से खड़े रहो. यह पुलिस स्टेशन है, तुम्हारे बाप का घर नहीं.’
अमिताभ बच्चन ने दमदार अंदाज में बोला डायलॉग
अमिताभ बच्चन ने जब यह डायलॉग उसी दमदार अंदाज में बोला, तो जावेद अख्तर साफ तौर पर प्रभावित नजर आए, वहीं फरहान अख्तर तालियां बजाकर उनकी तारीफ करते दिखे. प्रोमो से साफ है कि अमिताभ बच्चन के ‘केबीसी 17’ का यह अपकमिंग एपिसोड मजेदार होने वाला है. ‘जंजीर’ वही फिल्म है, जिसने अमिताभ बच्चन को सुपरस्टार बना दिया था.
साल 1973 में रिलीज हुई थी जंजीर फिल्म
साल 1973 में रिलीज हुई ‘जंजीर’ का डायरेक्शन प्रकाश मेहरा ने किया था और इसकी कहानी मशहूर राइटर जोड़ी सलीम-जावेद ने मिलकर ने लिखी थी. यह एक एक्शन क्राइम ड्रामा फिल्म थी, जिसमें जया बच्चन, प्राण, अजीत खान और बिंदु जैसे सितारे अहम किरदारों में थे. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने इंस्पेक्टर विजय का किरदार निभाया था. उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई.
एंग्री यंग मैन’ कहलाए अमिताभ बच्चन
‘जंजीर’ न केवल बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई, बल्कि इसने बॉलीवुड में एक नई तरह की एक्शन फिल्मों की शुरुआत भी की. इस फिल्म ने रोमांटिक हीरोज के दौर को पीछे छोड़ते हुए हिंदी सिनेमा के ट्रेंड को हमेशा के लिए बदल दिया. ‘जंजीर’ की सक्सेस की वजह से अमिताभ बच्चन को ‘एंग्री यंग मैन’ कहा जाने लगा. अमिताभ बच्चन ने सलीम-जावेद की लिखी ‘दीवार’, ‘शोले’, ‘त्रिशूल’ और ‘डॉन’ जैसी फिल्मों में काम किया है.
केबीसी 17’ को होस्ट कर रहे बिग बी
बताते चलें कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ भारत के सबसे लोकप्रिय क्विज शोज में से एक है. इसके 17वें सीजन में एक नई लाइफलाइन सुपर संदूक शामिल की गई है. यह यह सोनी टीवी पर सोमवार से शुक्रवार, रात 9 बजे प्रसारित होता है. इसके साथ ही शो सोनी लिव पर भी स्ट्रीम होता है.


