बिहार

Bihar Sports : राजगीर बनेगा खेल नगरी! CM नीतीश ने की क्रिकेट स्टेडियम और हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों की समीक्षा

बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक दिवसीय दौरे पर राज्य मार्ग से अपने गृह क्षेत्र नालंदा पहुंचे। इस दौरान जिले में चल रहीं कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। वहीं उन्होंने राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से लेकर पटना को सीधे राजगीर से जोड़ने वाले टूरिस्ट-वे तक के काम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। सीएम सबसे पहले पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के करौटा के पास से बनने वाले उस टूरिस्ट-वे का निरीक्षण किया, जो सीधे राजगीर से जुड़ेगा। यह महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि बौद्ध और जैन धर्म की इस पवित्र स्थली में पर्यटन को भी एक नई ऊंचाई देगी। इसके बाद उन्होंने राजगीर के हसनपुर में बन रहे आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का भी जायजा लिया और इसके निर्माण में तेजी लाने को कहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला राजगीर स्थित बिहार खेल अकादमी पहुंचा. जहां वे निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के काम से रूबरू हुए. उन्होंने स्टेडियम के मुख्य पवेलियन, जनरल स्टैंड और आउटफील्ड के काम की प्रगति देखी. अधिकारियों ने बताया कि मुख्य पवेलियन का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है, और फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है. इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। इसमें अगले महीने राजगीर में होने वाले पुरुषों के हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा हुई. यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित होगा. जिसमें भारत के साथ-साथ पाकिस्तान की टीम भी हिस्सा लेगी। गौरतलब है कि, पिछले साल राजगीर ने सफलतापूर्वक महिला एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी की भी मेजबानी की थी, जिसमें भारत चैंपियन बना था. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। उनके साथ पटना से लेकर जिले तक के सभी वरीय अधिकारी मौजूद थे। जिन्होंने उन्हें विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, डीएम कुंदन कुमार, और राजगीर विधायक कौशल किशोर के साथ सूबे के वरीय पदाधिकारी इसमें मौजूद रहे।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/news portal/

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button