दिल्ली

499 रुपये में 10 घंटे के लिए बुकिंग; नमो भारत स्टेशन पर नई सुविधा की शुरुआत!

499 रुपये में 10 घंटे के लिए बुकिंग; नमो भारत स्टेशन पर नई सुविधा की शुरुआत

दिल्ली से मेरठ के बीच बना नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर न सिर्फ यात्रियों को आरामदायक सफर मुहैया करा रहा है, बल्कि लोगों को अपना काम करने, मीटिंग करने, पॉडकास्ट के लिए जगह भी उपलब्ध कराएगा। एनसीआरटीसी ने को-वर्किंग स्पेस उपलब्ध कराने की शुरुआत की है। फिलहाल, गाजियाबाद स्टेशन पर इसकी शुरुआत की गई है। योजना सफल रही तो आने वाले दिनों में दिल्ली और मेरठ के बड़े स्टेशनों पर भी इसकी शुरुआत की जा सकती है।

बड़ी संख्या में नए स्टार्टअप शुरू करने वाले युवा, वर्क फ्रॉम होम करने वाले नौकरीपेशा, उद्यमियों के पास अपना दफ्तर, मीटिंग रूम नहीं है। ऐसे लोगों की चंद घंटों के लिए मीटिंग हॉल या कार्यालय की जरूरत को पूरा करने के लिए कोई कांसेप्ट भी नहीं है। ऐसे में एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) ने पहली बार यह सुविधा देने की पहल शुरू की है। एनसीआरटीसी के मुताबिक नमो भारत के गाजियाबाद स्टेशन पर अत्याधुनिक को-वर्किंग स्पेस की सुविधा शुरू की गई है।

 

मेंबरशिप ले सकते हैं

इसे पेशेवरों व उद्यमियों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। स्टेशन के कॉन्कोर्स लेवल पर स्थित इस स्मार्ट को-वर्किंग स्पेस को घंटों या महीने भर के लिए मासिक मेंबरशिप के आधार पर बुक किया जा सकेगा। अलग-अलग अवधि की बुकिंग के लिए दरें भी अलग निर्धारित की गई हैं।

कई सुविधाएं मिलेंगी

वर्किंग स्पेस में बायोमीट्रिक और की-कार्ड के माध्यम से एंट्री होगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग टूल्स, वायरलेस स्क्रीन शेयरिंग और डिजिटल ब्रेनस्टॉर्मिंग जोन जैसी तकनीक भी उपलब्ध रहेगी। इसका मकसद लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे कि लोगों को यहां काम करने में असुविधा नहीं हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button