सुपर-8 का शेड्यूल जारी: जानिए कब, कहां और किससे भिड़ेंगी भारत-पाक समेत 8 टीमें!

सुपर-8 का शेड्यूल जारी: जानिए कब, कहां और किससे भिड़ेंगी भारत-पाक समेत 8 टीमें
नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में प्रवेश कर चुका है। 20 टीमों के बीच 36 मुकाबलों के बाद सुपर-8 की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। ग्रुप स्टेज के आखिरी दिन खेले गए मुकाबलों से भी क्वालिफिकेशन पर कोई असर नहीं पड़ा। अब 8 टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं और असली जंग 21 फरवरी से शुरू होगी।
कौन-कौन सी टीमें पहुंचीं सुपर-8 में?
चार अलग-अलग ग्रुप से टॉप-2 टीमें अगले दौर में पहुंची हैं।
ग्रुप-ए: भारत और पाकिस्तान
ग्रुप-बी: श्रीलंका और जिम्बाब्वे
ग्रुप-सी: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज
ग्रुप-डी: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका
ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल, अफगानिस्तान, UAE, नामीबिया, USA, नीदरलैंड और कनाडा का सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो गया।
सुपर-8 का फॉर्मेट क्या है?
सुपर-8 में 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनाए जाएंगे। हर टीम अपने ग्रुप में बाकी तीन टीमों से खेलेगी। यानी एक ग्रुप में कुल 6 मैच और दोनों ग्रुप मिलाकर 12 मुकाबले होंगे। इस स्टेज में 3 दिन डबल हेडर होंगे – 22 फरवरी, 26 फरवरी और 1 मार्च को दो-दो मैच खेले जाएंगे। 20 से 28 फरवरी के बाकी दिनों में एक-एक मुकाबला होगा। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान नॉकआउट में पहुंचता है, तो उसके सभी मैच कोलंबो में आयोजित किए जाएंगे।
सुपर-8 की शुरुआत: PAK vs NZ
सुपर-8 का पहला मुकाबला 21 फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होगा। दोनों टीमें ग्रुप-2 में हैं। इसी ग्रुप में इंग्लैंड और श्रीलंका भी शामिल हैं।
भारत का पूरा शेड्यूल
टीम इंडिया सुपर-8 में ग्रुप-1 का हिस्सा है, जहां उसके साथ साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज हैं।
22 फरवरी: भारत vs साउथ अफ्रीका – नरेंद्र मोदी स्टेडियम
26 फरवरी: भारत vs जिम्बाब्वे – एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम
1 मार्च: भारत vs वेस्टइंडीज – ईडन गार्डन्स
तीनों मुकाबले शाम 7 बजे से खेले जाएंगे।
अब मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, दबाव झेलने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का है। सुपर-8 में हर मैच सेमीफाइनल जैसा होगा, जहां छोटी सी चूक भी टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है। क्रिकेट फैंस के लिए अगले दो हफ्ते जबरदस्त रोमांच लेकर आने वाले हैं।



