सीवान में एनकाउंटर में दो युवती को लगी गोली, परिजन ने कहा ‘हमने दी थी सूचना और पुलिस ने….’

सीवान: बिहार के सीवान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां चोर की जानकारी देने वाले ने परिवार की दो बेटियों को गोली मारने का आरोप पुलिस पर लगाया है। घटना में घायल दो युवतियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल युवतियों के परिजन तथा स्थानीय लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं और जानबूझ कर गोली मारने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने भी अपनी सफाई दी है।
मामला सीवान के भगवानपुर हाट थाना के खोड़ीपाकड़ गांव का है जहां गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि चोर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने गोली बदमाश के बदले बगल के घर के दरवाजे पर खड़ी दो युवतियों को मार दी जिससे दोनों जख्मी हो गई। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी युवतियों की पहचान वकील पंडित की बेटियां अंजू कुमारी और नीतू कुमारी के रूप में की गई है।
चोरी की शक होने पर परिवार के सदस्यों ने दी थी सूचना
घटना के संबंध में जख्मी युवतियों के भाई ने बताया कि देर रात करीब दो बजे उसने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास कुछ चहलकदमी और कुछ लोगों को ट्रक के चक्के खोलते देखे। संदेह होने पर उन लोगों ने बगल के दुकानदार को फोन पर सूचना दी और दुकानदार ने पुलिस को फोन कर दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने पर जब पुलिस पहुंची तो सभी बदमाश भाग गये लेकिन पुलिस ने उनके घर को निशाना करके ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगी। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निशाना लगा कर अपराधियों की तरह ही दरवाजे पर खड़ी दोनों युवतियों के पैर में गोली मार दी।



