सिवान में शाहबुद्दीन का नाम लेकर लालू-राबड़ी पर जम कर बरसे अमित शाह, कहा ‘राहुल गांधी कहते हैं…’

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय में शंखनाद किया तो दूसरी तरफ गृह मंत्री अमित शाह भी जम कर गरजे। गृह मंत्री अमित शाह ने सिवान में जनसभा को संबोधित किया और लोगों से NDA की सरकार एक बार फिर से बनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर और खास कर राजद- कांग्रेस पर भी जम कर हमले किये। रैली के माध्यम से अमित शाह ने सिवान, दरौंदा, रघुनाथपुर और बरहरिया विधानसभा के मतदाताओं को साधने की कोशिश की।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सिवान की धरती हमारे प्रथम राष्ट्रपति राजेन्द्र बाबू की धरती है, मैं इसे प्रणाम करता हूं। मैंने बिहार प्रदेश भाजपा को कहा था कि मेरा सबसे पहला दौरा सिवान से कीजियेगा, नामांकन के बाद मेरा पहला दौरा सिवान में हो रहा है। मैं सिवान की जनता को मनपूर्वक सलाम करने आया हूँ क्योंकि 20 – 20 साल तक लालू-राबड़ी के जंगलराज को सिवान की भूमि ने सहा है। शहाबुद्दीन का पूरा खौफ, अत्याचार, हत्याएं ये सारा कुछ सिवान ने सहा है। भूमि लहूलुहान हो गई लेकिन सिवान के लोगों ने झुके बगैर उनके राज को समाप्त कर दिया। 20 साल तक ए केटेगरी हिस्ट्रीशीटर शहाबुद्दीन, 75-75 केस, 2-2 कारावास, ट्रिपल मर्डर, IAS-IPS की हत्या, कई अन्य लोगों की हत्या, व्यवसायी के बेटे को तेजाब में नहला कर गला दिया था लेकिन यहां की बहादुर जनता ने उनके सामने सरेंडर नहीं किया।
गृह मंत्री ने कहा कि शहाबुद्दीन के सामने ओमप्रकाश जी को आपने सांसद बना कर भेजा था। एक बार फिर आप एकजुट हो जाइये और इसी शहाबुद्दीन के बेटे को लालू ने रघुनाथपुर से टिकट दिया है तो आप उसे भी हराइए। अभी बिहार में मोदी और नीतीश का सुशासन वाला राज है, 100 शहाबुद्दीन भी आ जाये तो किसी का बाल बांका नहीं कर सकता है। लालू-राबड़ी को आप जवाब दे दो कि फिर से जंगलराज नहीं आने देंगे, ओसामा को नहीं जीतने देंगे। आज मैं कहने आया हूँ कि अभी अभी आपने दिवाली मनाई है, छठ पर्व भी मनाएंगे लेकिन असली दिवाली 14 नवम्बर को होगी जब लालू के बेटे का सूपड़ा साफ हो जायेगा। जंगलराज की समाप्ति नीतीश कुमार की देन है। उन्होंने बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया और हम यह चुनाव 20 साल भी उनके नेतृत्व में लड़ रहे हैं।



