मोस्ट वांटेड ड्रग डॉन सलीम डोला भारत लाया गया, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार#

मोस्ट वांटेड ड्रग डॉन सलीम डोला भारत लाया गया, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
नई दिल्ली:
भारत के मोस्ट वांटेड ड्रग माफिया सरगना सलीम डोला को आखिरकार भारतीय जांच एजेंसियों ने अपने शिकंजे में ले लिया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित इस अपराधी को आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया, जहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच आगे की कार्रवाई के लिए ले जाया गया।
सलीम डोला को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी माना जाता है। वह लंबे समय से दुबई से अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा था और कई देशों में फैले ड्रग सिंडिकेट से उसका सीधा संबंध बताया जाता है।
तुर्की की सुरक्षा एजेंसियों ने इस्तांबुल में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान सलीम डोला को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई नेशनल इंटेलीजेंस ऑर्गनाइजेशन (MIT) और इस्तांबुल पुलिस के नारकोटिक्स डिविजन के संयुक्त ऑपरेशन में की गई। जानकारी के मुताबिक, उसे Beylikdüzü इलाके में एक फ्लैट पर छापेमारी कर पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के समय सलीम डोला के पास यूएई का पासपोर्ट था और वह इस्तांबुल में भी ड्रग कारोबार को आगे बढ़ा रहा था। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसका नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग सप्लाई चेन का अहम हिस्सा था। सलीम डोला भारत में कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है।
उसे देश का मोस्ट वांटेड ड्रग डॉन माना जाता है। कथित तौर पर वह दाऊद इब्राहिम के ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुंबई पुलिस भी उसे लंबे समय से तलाश रही थी। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था
सलीम डोला की गिरफ्तारी और भारत लाया जाना भारतीय जांच एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उसकी पूछताछ से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और देश में सक्रिय गिरोहों पर भी शिकंजा कस सकता है।
अब सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े नेटवर्क, फंडिंग चैन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच करने में जुट गई हैं।



