गोंडा में रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, हाईवे जाम

*गोंडा*
गोंडा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले राहगीरों ने शव देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। युवक की मौत को लेकर रहस्यमयी हालात बने हुए हैं, और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शव की पहचान होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया है। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बहराइच हाईवे पर शव रखकर बैठ गए, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। हाईवे पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, परिजनों ने कड़ी कार्रवाई और पोस्टमार्टम में हत्या की बारीकी से जांच की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क जाम और पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी दिखाई दे रही है। क्षेत्र में चर्चा है कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।



