बिहार
नवादा: ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर मौत

नवादा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एनएच-20 फोर लेन पर नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मस्तानगंज गांव के पास एक ट्रक ने एक बाइक सवार युवक को रौंद दिया. हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. मृतक की पहचान नेमदारगंज गांव निवासी 28 वर्षीय रामप्रवेश कुमार, पिता अर्जुन रविदास, के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रामप्रवेश अपने ससुराल नालंदा जिले के बरनावा गांव से लौट रहे थे, तभी मस्तानगंज के पास यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई.
हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे. अचानक हुई मौत से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाही कर रही है.



