नई सरकार में उद्योग और रोजगार पर CM नीतीश का खास फोकस, पहुंचे हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया और फिर…

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर औद्योगिक इकाइयों यथा न्यू जील सीजनल वियर प्राइवेट लिमिटेड, कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड एवं ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का निरीक्षण किया। भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने न्यू जील सीजनल वियर प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण कर वहाँ तैयार किये जा रहे विभिन्न प्रकार के वस्त्रों एवं कार्यरत कर्मियों की संख्या आदि के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टेलरिंग के काम में लगे कर्मियों से बातचीत कर औद्योगिक इकाई द्वारा दी जा रही सुविधाओं आदि के संबंध में जानकारी ली।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड में बनाये जा रहे विभिन्न प्रकार के जूतों से संबंधित बाजार, कच्चे माल आदि के संबंध में प्रबंधन से विस्तृत जानकारी ली। हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां मुख्य रूप से बिस्कुट और कुकीज़ का निर्माण होता है, जो पूरे भारत के साथ-साथ विदेशों में भी भेजे जाते हैं। यह कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड का हिस्सा है, जो बिस्कुट, ब्रेड और डेयरी उत्पादों के निर्माण के लिए जानी जाती है।
मुख्यमंत्री ने हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र के इन औद्योगिक इकाइयों में चल रही उत्पादन गतिविधियों, उद्योग विस्तार की संभावनाओं तथा रोजगार सृजन से जुड़े मुद्दों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास को और अधिक गति देने हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए ताकि ज्यादा से ज्यादा रोजगार का सृजन हो सके।



