दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बसों पर पथराव, यात्रियों में मचा हड़कंप!

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बसों पर पथराव, यात्रियों में मचा हड़कंप
देहरादून/बागपत: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक चिंताजनक घटना सामने आई, जब उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की दो वोल्वो बसों पर एक साथ पथराव कर दिया गया। घटना उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत इलाके की है, जहां इस हमले से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे दिल्ली से देहरादून आ रही वोल्वो बस (UK-07PA 8080) और देहरादून से दिल्ली जा रही वोल्वो बस (UK-07PA 1010) पर एक साथ पत्थर फेंके गए। हमले में दोनों बसों के फ्रंट और साइड के शीशे टूट गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
अचानक हुए इस हमले से बस के अंदर बैठे यात्रियों में डर का माहौल बन गया। चालक ने जैसे ही बस रोकी, पथराव करने वाले मौके से फरार हो गए। बसों में लगे पर्दों की वजह से हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी, जिससे जांच में चुनौती बढ़ गई है।
घटना के तुरंत बाद चालक-परिचालकों ने 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। रोडवेज अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए शामली और बागपत के पुलिस कप्तानों को लिखित शिकायत भेजने की बात कही है। साथ ही एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) अधिकारियों को भी पत्र लिखा जाएगा।
उत्तराखंड रोडवेज के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि जिस तरह से दोनों बसों पर एक ही समय में पथराव हुआ, वह सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
इस घटना के बाद यात्रियों के मन में डर साफ देखा गया। कई यात्रियों ने कहा कि हाईवे पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान हो और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



