जमुई में JDU नेता के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, ससुराल में जमीन विवाद में…

बड़ी खबर जमुई से है जहां जदयू नेता सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष के भाई की गला रेत कर अपराधियों ने हत्या करने की कोशिश की। घटना में गंभीर रूप से जख्मी हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना जमुई के बरहट थाना क्षेत्र के डाढ़ा गांव के समीप की है जहां अपराधियों ने जदयू नेता सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव रावत के भाई विनोद रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कुछ देर बाद जब राहगीरों की नजर पड़ी तो लोगों ने शोर मचाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों ने आशंका जताई है कि यह हमला जमीन विवाद के कारण किया गया है। बताया गया कि विनोद रावत का अपने ससुराल पक्ष से खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में पिछले करीब दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवादित जमीन की दो दिन बाद रजिस्ट्री होनी थी। रजिस्ट्री के सिलसिले में ही विनोद रावत अपने घर सुदामापुर आए हुए थे। परिजनों का मानना है कि रजिस्ट्री से पहले उन्हें रास्ते से हटाने की नीयत से यह हमला किया गया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुट गई है। फिलहाल घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उनका बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस को उम्मीद है कि होश में आने के बाद विनोद रावत के बयान से मामले में अहम सुराग मिल सकते हैं।



