बिहार

गया जी में किसानों की महीनो की मेहनत हुई राख, इलाके में मची सनसनी…

गया जी जिले के वजीरगंज प्रखंड के काझा और करजरा गांव में अगलगी की दो अलग-अलग घटनाओं ने किसानों की कमर तोड़ दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जहां किसानों में दहशत व्याप्त है, वहीं प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ती दिख रही है। ताजा मामले में दोनों गांवों में कुल सात बिगहा से अधिक धान की फसल जलकर राख हो गई, जिसका अनुमानित मूल्य लाखों रुपये बताया जा रहा है।

पहली घटना शनिवार को करजरा गांव में हुई, जहां किसान देवेंद्र सिंह अपने खलिहान में कटे हुए धान के बोझे रखे हुए थे। देर शाम अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे खलिहान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद खलिहान में रखा 85 बोझा धान पूरी तरह से जल गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

वही, दूसरी घटना शनिवार दोपहर काझा गांव में हुई। गांव के दो किसान उत्तम कुमार और वीरेन्द्र कुमार अपने-अपने खलिहान में कटाई की गई फसल रखते थे। अचानक उठी आग की लपटों ने पलक झपकते ही दोनों किसानों के खलिहान को घेर लिया। आग की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीब पांच बिगहा में फैली धान की फसल देखते ही देखते राख में बदल गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन ग्रामीणों ने शंका जताई है कि सूखे मौसम और लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएँ बढ़ रही हैं।

दोनों घटनाओं के बाद गांव के मुखिया राजकुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएँ बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि किसान मेहनत कर फसल को खलिहान तक लाते हैं, लेकिन आगलगी का शिकार होकर उनका सालभर का परिश्रम बर्बाद हो जाता है।

मुखिया ने इसकी जानकारी सीओ कार्यालय को दे दी है और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आग से बचाव के लिए ग्रामीण इलाकों में जागरूकता बढ़ाई जाए और फायर सेफ्टी के उचित प्रबंध किए जाएँ, ताकि किसानों की मेहनत यूँ ही राख न बनती रहे।

saamyikhans

former crime reporter DAINIK JAGRAN 2001 and Special Correspondent SWATANTRA BHARAT Gorakhpur. Chief Editor SAAMYIK HANS Hindi News Paper/News Portal

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button