Ind vs Zim: जब यह होगा ‘सुपर मिरेकल’, तभी दक्षिण अफ्रीका से उपर आ पाएगा भारत, जानें क्या है व्यावहारिक गणित

Ind vs Zim: जब यह होगा ‘सुपर मिरेकल’, तभी दक्षिण अफ्रीका से उपर आ पाएगा भारत, जानें क्या है व्यावहारिक गणित
India vs Zimbabwe: भारतीय टीम सुपर-8 राउंड के अगले मैच में जिंबाब्वे से वीरवार को भिड़ेगी, लेकिन उससे पहले सवाल, चिंताएं और शंकाए बहुत ही बड़े हो चले हैं
T20 World Cup 2026 के सुपर-8 राउंड में टीम इंडिया का पहला ही मैच क्या खराब गया कि उसके करोड़ों चाहने वालों की मानो सांस ही अटक गई है. गली-गली, चौराहे, ऑफिस से लेकर तमाम जगह फैंस यही चर्चा आपस में कर रहे हैं कि क्या टीम सूर्यकुमार सेमीफाइनल में अब पहुंच भी पाएगी? जाहिर है कि दक्षिण अफ्रीका के हाथों सुपर-8 (Super-8 Round) के पहले ही मैच में 76 रन से मिली हार ने माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी थीं. और अगर इस पर भी कुछ बाकी बचा था, तो वह सोमवार को विंडीज की जिंबाब्वे पर 107 रन की जीत ने पूरी कर दी! विंडीज की मेगा जीत के बाद अब फैंस की चर्चा में एकदम से NRR ने ज्यादा जगह बना ली है! वजह है कि भारत को ग्रुप-1 में खुद को नंबर-2 पायदान पर लाने के लिए सिर्फ और सिर्फ जिंबाब्वे (India vs Zimbabwe) को हराना भर ही काफी नहीं है. उसे न केवल जीत चाहिए, बल्कि विशाल अंतर से जीत चाहिए! चलिए आप जान लीजिए कि जिंबाब्वे के खिलाफ अगले मैच में उसे नंबर-2 पर खुद को लाने के लिए क्या सुपर मिरेकल करना होगा. और उसके सामने व्यावहारिक रास्ता क्या है.
(0.000) NRR के लिए करना होगा यह काम
फिलहाल टीम इंडिया नेट रन-रेट के मामले में -3.800 के साथ खड़ी है. अब जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत को 76 रन से हार मिली थी, तो जिंबाब्वे को वीरवार को इतने ही रनों के अंतर भर से हरान से भारत का नेट रन-रेट यानी बराबरी (0.000) पर आकर खड़ा हो जाएगा, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया नंबर-3 की टीम बनी रहेगी. और जीत के बावजूद करोड़ों भारतीय फैंस की सेमीफाइनल खेलने से लेकर जुड़ीं चिंताएं और शंकाएं खत्म नहीं होंगी. यहां विंडीज के नेट रन-रेट से आगे निकलने के बारे में तो सोचना ही मूर्खतापूर्ण होगा, लेकिन दक्षिण अफ्रीका (+3.801) से ही आगे निकलने के लिए भारत को ‘सुपर मिरेकल’ करना होगा.



