_जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ के दोलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ जारी।_

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दोलगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह सुरक्षाबलों ने इलाके में छिपे आतंकियों से दोबारा संपर्क स्थापित किया, जिसके बाद एनकाउंटर शुरू हुआ। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) संयुक्त रूप से ‘जॉइंट ऑपरेशन त्राशी-I’ के तहत कार्रवाई कर रहे हैं।
व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि ऑपरेशन से पहले विभिन्न स्रोतों से प्राप्त खुफिया सूचनाओं का समन्वय कर रणनीति तैयार की गई थी। पूरे क्षेत्र की चारों ओर से घेराबंदी कर दी गई है और दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। यह पिछले पखवाड़े में चौथी बार है जब इस इलाके में आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ है।
बताया गया है कि क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों के एक समूह के छिपे होने की आशंका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने किश्तवाड़ का दौरा कर आतंकवाद-रोधी ग्रिड की समीक्षा की। साथ ही, सुरक्षा कारणों से सिंहपोरा, चिंगम और चतरू सहित छह किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।



