CJP प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, गुरुग्राम स्थित घर पहुंची पुलिस!

CJP प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, गुरुग्राम स्थित घर पहुंची पुलिस
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार सुबह पुलिस की टीम गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास पर पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई। घटना के बाद CJP ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
CJP प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में
ध्रुव राठी को उस समय हिरासत में लिया गया, जब CJP की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित था।
PTI के मुताबिक, ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी और आसपास के इलाकों में एहतियाती कार्रवाई की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कितनी देर तक हिरासत में रखा जाएगा।
बेंगलुरु में CJP की सभा में पहुंचे थे राठी
ध्रुव राठी हाल ही में भारत लौटे हैं। 8 अक्टूबर को वह बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP की सभा में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने भाषण भी दिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में होने वाले CJP प्रदर्शन के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे।
शुक्रवार को राठी ने इंडिया गेट से एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने दिल्ली पहुंचने और अगले दिन होने वाले प्रदर्शन का जिक्र किया था।
CJP ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
ध्रुव राठी की हिरासत के बाद CJP ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। संगठन ने दावा किया कि पुलिस ने सुबह उनके गुरुग्राम स्थित घर पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया।
CJP ने राठी की हिरासत को लेकर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए तथा उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। संगठन का कहना है कि प्रदर्शन का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाना है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस ने जंतर-मंतर और नई दिल्ली के आसपास बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे करीब 200 लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
CJP ने बाद में प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और बैरिकेड्स न तोड़ने की अपील भी की।



