जामिया मिल्लिया इस्लामिया के मेस में खाने को लेकर बवाल, छात्रों ने मेस के बाहर किया प्रदर्शन!

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के मेस में खाने को लेकर बवाल, छात्रों ने मेस के बाहर किया प्रदर्शन
दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया के मेस में कथित तौर पर खाने में छिपकली मिलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में जुटे और वीसी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मेस में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।छात्रों का आरोप है कि मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही से छात्रों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। मामले की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया। वीसी कार्यालय के बाहर छात्रों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से घटना और छात्रों की शिकायत पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।



