POLITICS

TVK-कांग्रेस गठबंधन को मिला नाम, CM विजय ने किया ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ का ऐलान!

TVK-कांग्रेस गठबंधन को मिला नाम, CM विजय ने किया ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ का ऐलान

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय की पार्टी TVK के नेतृत्व वाले कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML गठबंधन को आधिकारिक नाम मिल गया है. चेन्नई में हुई बैठक के बाद गठबंधन का नाम का ऐलान किया गया. बैठक में विजय समेत सहयोगी दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे और सभी ने एकजुटता का संदेश दिया.

तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेतृत्व वाले गठबंधन के नाम का आखिरकार ऐलान कर दिया गया है. गठबंधन के नाम में ‘सेक्युलर’, ‘सोशल जस्टिस’ और ‘विक्ट्री’ जैसे शब्दों को प्रमुखता दी गई है. गठबंधन के नाम का फैसला बुधवार को चेन्नई के पनैयूर स्थित टीवीके मुख्यालय में हुई बैठक के बाद लिया गया. बैठक में कांग्रेस, वीसीके, एमडीएमके और आईयूएमएल के प्रमुख नेता शामिल हुए. गठबंधन को ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ नाम दिया गया है.

हालांकि, इस अहम बैठक से वाम दलों ने दूरी बनाए रखी. सरकार को समर्थन देने वाली भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता बैठक में शामिल नहीं हुए. इस गठबंधन में कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), एमडीएमके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) भी शामिल हैं.

बैठक के बाद सामने आई फोटो में टीवीके प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री थलपति विजय, VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन, MDMK प्रमुख वाइको और IUML के नेता नजर आए. सभी नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए थम्सअप कर गठबंधन के प्रति अपना समर्थन जताया.

बैठक में कांग्रेस की ओर से माणिकम टैगोर, थरगई कथबर्ट और प्रवीण चक्रवर्ती शामिल हुए. वहीं VCK की ओर से थोल थिरुमावलवन के अलावा वन्नी अरसु, रवि कुमार और सिंथनाई सेल्वन मौजूद रहे. MDMK की ओर से पार्टी प्रमुख वाइको और दुरई वाइको ने बैठक में हिस्सा लिया. इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की तरफ से केएम कादर मोहिदीन और शाहजहां बैठक में शामिल हुए.

जानकारी के मुताबिक बुधवार की बैठक गठबंधन के गठन के बाद दूसरा बड़ा जमावड़ा था. बैठक का मुख्य एजेंडा गठबंधन की संरचना को औपचारिक रूप देना रहा. नेताओं ने गठबंधन के कामकाज और भविष्य की रणनीति को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की. बैठक में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तैयार करने, गठबंधन के लिए संचालन समिति गठित करने, संयोजक नियुक्त करने और मोर्चे के आधिकारिक नाम को अंतिम रूप देने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button