स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से पकड़ा, 72 घंटे का था अल्टिमेटम; 4 घंटे में दबोचाl

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से पकड़ा, 72 घंटे का था अल्टिमेटम; 4 घंटे में दबोचा
स्वतंत्र पर एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि निशु आजाद दलित समुदाय से ताल्लुक रखती है.
नई दिल्ली:
स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से पकड़ लिया है. उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दोपहर से ही बुलंदशहर में डेरा डाले हुए थीं. स्वतंत्र भारद्वाज पर दिल्ली के जंतर मंतर में निशु आजाद के पिता संजय से मारपीट करने क आरोप है. इस बारे में स्वतंत्र भारद्वाज ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में खुद ही दावा किया था कि मैंने एक लड़की के पिता का सिर फोड़ डाला था. उसके इस तरह अपराध को स्वीकार करने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया था. इसके बाद निशु आजाद ने चंद्रशेखर आजाद और सीजेपी के कई लोगों के साथ मिलकर संसद मार्ग थाने में जाकर शिकायत दी थी. इस दौरान पुलिस ने 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र को गिरफ्तार करने की बात कही थी, लेकिन 4 घंटे के अंदर ही दबोच लिया.
चिराग पासवान बोले- मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया, पुलिस से एक अपील
यही नहीं स्वतंत्र पर एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि निशु आजाद दलित समुदाय से ताल्लुक रखती है. आरोपी ने खुद पर एक्शन न होने को लेकर कपिल मिश्रा, चिराग पासवान जैसे नेताओं को अपना बड़ा भाई बताया था. अब इस मामले में चिराग पासवान का बयान आया है और उनका कहना है कि मेरे नाम का उसने गलत इस्तेमाल किया है. चिराग ने कहा कि उसने मेरा नाम इस्तेमाल किया है और भी कई नेताओं के नाम उसने लिए हैं. मैंने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है. मैं दिल्ली पुलिस से आग्रह करूंगा कि इस केस की गंभीरता के साथ जांच की जाए.



