MUMBAIअंतरराष्ट्रीयमनोरंजन

पंचायत’ का जलवा बरकरार, आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स में 6 बड़े सम्मान अपने नाम

‘पंचायत’ का जलवा बरकरार, आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स में 6 बड़े सम्मान अपने नाम

नई दिल्ली:
ओटीटी की दुनिया में सादगी, संवेदनशीलता और हल्की-फुल्की हंसी का पर्याय बन चुकी टीवीएफ की चर्चित सीरीज ‘पंचायत’ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दर्शकों का प्यार क्यों लगातार इसके साथ बना हुआ है। अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे ‘पंचायत सीजन 4’ ने मशहूर आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स में अपनी धाक जमाते हुए कॉमेडी की कई अहम कैटेगरीज में कुल 6 बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए।

यह जीत सिर्फ ट्रॉफियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस भरोसे और अपनापन की जीत है, जो इस सीरीज ने दर्शकों के दिलों में बसाया है।

‘पंचायत’ के नाम रहे ये बड़े अवॉर्ड
सीरीज ने ‘बेस्ट कॉमेडी वेब सीरीज’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं इसके निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और अक्षत विजयवर्गीय को ‘बेस्ट डायरेक्टर – कॉमेडी (वेब सीरीज)’ के सम्मान से नवाजा गया। दोनों निर्देशकों ने जिस खूबसूरती से ग्रामीण भारत की सच्चाई को हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ पिरोया है, उसने हर वर्ग के दर्शकों को जोड़े रखा।

अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में जितेंद्र कुमार ने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया और उन्हें ‘बेस्ट एक्टर – कॉमेडी’ का अवॉर्ड मिला। वहीं मंजू देवी के रूप में नीना गुप्ता की सादगी और गहराई से भरी अदाकारी ने उन्हें ‘बेस्ट एक्ट्रेस – कॉमेडी’ का खिताब दिलाया।

सपोर्टिंग रोल्स में भी ‘पंचायत’ का जादू बरकरार रहा। फैसल मलिक को ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर – कॉमेडी’ और सुनीता राजवार को ‘बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस – कॉमेडी’ के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इन जीतों ने यह साबित कर दिया कि इस सीरीज का हर किरदार कहानी की आत्मा है।

गांव की मिट्टी से जुड़ी कहानी ने बनाया खास
साल 2020 में शुरू हुई ‘पंचायत’ एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट की कहानी है, जो हालातों के चलते एक छोटे से गांव में पंचायत सचिव बनकर काम करता है। गांव की सादगी, स्थानीय राजनीति, छोटे-छोटे संघर्ष और मानवीय रिश्तों की गर्माहट ने इस सीरीज को खास बना दिया।

टीवीएफ की उपलब्धियों की सूची भी लगातार लंबी होती जा रही है। आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2025 में ‘कोटा फैक्ट्री’ को ‘बेस्ट स्टोरी – ओरिजिनल (सीरीज)’ का सम्मान मिला, वहीं ‘पंचायत’ ने ‘बेस्ट सीरीज’, ‘बेस्ट डायरेक्टर’ और ‘बेस्ट लीडिंग रोल (मेल)’ जैसे बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। इसके अलावा ‘पंचायत सीजन 3’ को दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2025 में ‘बेस्ट वेब सीरीज (क्रिटिक्स चॉइस)’ से भी सम्मानित किया गया।

लगातार मिल रही यह कामयाबी इस बात का संकेत है कि ‘पंचायत’ सिर्फ एक वेब सीरीज नहीं, बल्कि भारतीय दर्शकों के दिलों के करीब पहुंच चुकी एक भावनात्मक यात्रा है — जहां हंसी भी है, सच्चाई भी और अपनापन भी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button