दिल्लीविधि-एवं-न्याय

लैंड फॉर जॉब केस में बड़ा मोड़! लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी कोर्ट पहुंचे, आरोपों पर दिया चौंकाने वाला जवाब

लैंड फॉर जॉब केस में बड़ा मोड़! लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी कोर्ट पहुंचे, आरोपों पर दिया चौंकाने वाला जवाब

नई दिल्ली: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव तथा बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सोमवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में चार्ज फ्रेम होने के बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के तहत दोनों नेता कोर्ट पहुंचे और अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया।

कोर्ट परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा। राबड़ी देवी खुद पैदल कोर्ट पहुंचीं, जबकि लालू प्रसाद यादव को व्हीलचेयर पर लाया गया। उनके साथ पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे। पहले से ही इस मामले में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव और मीसा भारती कोर्ट में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। करीब 20 मिनट चली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से पूछा कि क्या वे आरोप स्वीकार करते हैं। दोनों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे आरोपों को नहीं मानते और मामले का ट्रायल फेस करेंगे। इसके बाद दोनों ने आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और कोर्ट से रवाना हो गए।
बाहर निकलने पर मीसा भारती ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और न्याय मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही मामले में कई केस बनाकर परिवार को परेशान किया जा रहा है। मीसा भारती ने यह भी कहा कि लालू प्रसाद यादव बीमार हैं, फिर भी कोर्ट का सम्मान करते हुए हाजिर हुए हैं। लैंड फॉर जॉब घोटाला मामला लंबे समय से चर्चा में है और इसमें कई बड़े नाम शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस केस की सुनवाई और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button